तालकटोरा में संविदा बिजली कर्मियों का प्रदर्शन, प्रदेश भर में शुरू होगा आंदोलन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बिजली की नई व्यवस्था वर्टिकल सिस्टम का शनिवार से विरोध शुरू हो गया है। वर्टिकल सिस्टम के विरोध में तालकटोरा सर्किल के संविदा बिजली कर्मियों ने कामकाज ठप करके अधीक्षण अभियंता कार्यालय में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्रदर्शन कर 14 नवंबर को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल के घेराव का एलान किया। प्रदर्शनकारियों ने यह भी घोषण की, कि 14 नवंबर से ही प्रदेश भर में संविदा कर्मचारी वर्टिकल सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन रोजाना ही अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष होगा।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/ संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि वर्टिकल सिस्टम के लागू होने से संविदा कर्मियों की बड़े पैमाने पर छंटनी होगी। उपभोक्ता के मुकाबले कर्मचारी कम होंगे तो लाइन पर काम करने के दौरान दबाव में दुर्घटनाएं होंगी। इससे संविदा कर्मियों के परिवार प्रभावित होंगे और पॉवर कॉरपोरेशन प्रबंधन पर मुआवजा के रूप में आर्थिक बोझ बढ़ेगा।