FIR against Robert Vadra: पहलगाम हमले के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की अर्जी कोर्ट में दाखिल की गई है।
पहलगाम में धर्म पूछकर 27 पर्यटकों की हत्या किए जाने की घटना के लिए हिंदुओं को जिम्मेदार ठहराने के लिए सांसद प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की अर्जी कोर्ट में दाखिल की गई है। सीजेएम हृषिकेश पांडे ने इस अर्जी की पोषणीयता पर सुनवाई के लिए 20 जून की तारीख तय की है।
विज्ञापन
हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप तिवारी की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने अर्जी दी। कहा गया कि 23 अप्रैल 2025 को रॉबर्ट वाड्रा ने प्रिंट एवं लाइव समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर इस घटना के लिए पूरे हिंदू समाज को जिम्मेदार बताया है।
रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार हिंदुत्व की बात करती है इसलिए अल्पसंख्यक मुसलमान असहज और परेशान रहते हैं। अगर आतंकवादी लोगों की पहचान देख रहे हैं तो वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं से आतंकी संगठनों को यह लगता है कि हिंदू लोग मुसलमान के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। वाड्रा ने यह भी कहा था की पहचान देखना और किसी को मार देना, यह प्रधानमंत्री के लिए एक संदेश है क्योंकि मुसलमान कमजोर महसूस कर रहे हैं।