लखनऊ में शाइन सिटी कंपनी के निदेशक व अन्य पर निवेश के नाम पर लाखों की ठगी का मामला दर्ज हुआ। पीड़ित को प्लॉट, गाड़ी और मुनाफे का झांसा दिया गया, लेकिन वादे पूरे नहीं हुए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
गोमतीनगर थाने में शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम व तीन अन्य के खिलाफ 16.41 लाख की ठगी की एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है। हजरतगंज के गुरु रविदास नगर निवासी मुकेश कुमार के मुताबिक 2017 में उनकी मुलाकात शाइन सिटी कंपनी के अधिकारी विक्रम सिंह यादव से हुई थी। विक्रम उन्हें गोमतीनगर स्थित दफ्तर ले गए।
विज्ञापन
यहां उनकी पहचान राशिद नसीम और अधिकारी राहुल शर्मा से कराई। राशिद ने उन्हें शाइन और बिट क्वाइन में निवेश कर छह माह में रकम डबल करने का झांसा दिया। इतना ही नहीं उन्हें प्लॉट और एसयूवी व अन्य कीमती चीजें उपहार में देने का दावा किया।
मुकेश का कहना है कि वह आरोपियों की लुभावनी बातों में आकर फंस गए और 15 मई 2017 से लेकर पांच मई 2019 तक 16.41 लाख रुपये हरअदिति बिजनेस फर्म के खाते में निवेश कर दिए। मगर छह माह बीतने के बाद भी न कोई मुनाफा नहीं मिला।
विज्ञापन
आरोपियों ने न तो उन्हें कोई एसयूवी दी और न प्लॉट की रजिस्ट्री की। दबाव बनाने पर पहले तो टालमटोल किया फिर धमकाना शुरू कर दिया। परेशान होकर मुकेश ने गोमतीनगर पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट में शरण ली। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर राशिद, विक्रम, राहुल और फर्म के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्य संकलन होने पर कार्रवाई की जाएगी।