लखनऊ चारबाग बस अड्डे से कानपुर जा रही रोडवेज बस की ब्रेक फेल हो गई। जिससे बस में सवार 50 यात्रियों की जान पर बन आई। यह तो गनीमत रही कि बस चालक की सूझबूझ से किसी तरह हादसा टल गया वरना बड़ी दुर्घटना हो जाती। ब्रेक फेल होने को लेकर परिवाहन निगम में बसों की मरम्मत को लेकर भी सवाल उठा है।
गुरुवार दोपहर सरोजनीनगर के पास 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। जिससे बस अनियंत्रित हो गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री चिल्लाने लगे। बस मेें कोहराम की स्थिति बन गई। बस चालक किसी तरह सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे खंभे के सहारे रोककर हादसा होने से बचा लिया।
महोबा डिपो की बस संख्या यूपी 91 टी 4098 चारबाग बस अड्डे से सवारी लेकर कानपुर जा रही थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। हादसे में बस के सभी यात्री सुरक्षित रहे। परिवहन निगम के पीआरओ अजीत सिंह ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि अथवा बस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया है। मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से कर्मियों को भेजा गया। बस को वापस अमौसी वर्कशॉप में लाकर ब्रेक फेल होने की वजह पता किया जा रहा है।
दूसरी बस से रवाना किए गए यात्री
बस में सवार महिला यात्री सुनीता ने बताया कि चलती बस अचानक रूकी तो यात्री परेशान हो उठे। बस अभी रूकती इसके पहले ही यात्री बस से कूदने लगे। इस हादसे के बाद सभी यात्री दहशत में रहे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने यात्रियों को समझा बुझाकर दूसरी बस से कानपुर रवाना किया।