लविवि के छात्रों ने बताया कि रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज परिसर में बरातियों से उनका विवाद शादी में खाना खाने को लेकर नहीं बल्कि डांस करने को लेकर हुआ था। दूसरी ओर, इस घटना के बाद मंगलवार को पूरे दिन विवि के छात्रावासों के बाहर सन्नाटा नजर आया। एक छात्र ने बताया कि विवि के कुछ छात्र सोमवार शाम को छात्रावास से बाहर निकले थे। जब बरात आ रही थी, उसी दौरान एक छात्र उसमें डांस करने लगा। इसे लेकर बरातियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
छात्रावासों के छात्र एकजुट होकर कुलपति आवास की ओर भी कूच कर गए थे। प्राॅक्टोरियल टीम और पुलिस प्रशासन ने बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें शांत करवाकर छात्रावास में दोबारा भेजा। इस मामले में विवि प्रशासन का कहना है कि घटना विवि परिसर के बाहर की थी। इसलिए उनकी ओर से अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हॉस्टल से निलंबित हो चुका है छात्र
मारपीट की घटना में शामिल प्रांजल नाम का छात्र पूर्व में सुभाष छात्रावास का अंतःवासी रहा है। उसको अनुशासनहीनता के चलते विवि ने छात्रावास से निलंबित कर दिया था। तब से वह किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा है। दूसरा छात्र अभिनव पांडे विवि के ही एक छात्रावास में रहता है।