नगर निगम सदन की बैठक मंगलवार को भाजपा पार्षदों के हंगामे की भेंट चढ़ गई। महापौर सुषमा खर्कवाल से टकराव के बीच भाजपा पार्षद मुकेश सिंह मोंटी बैठक बीच में छोड़कर चले गए, जबकि पार्षद रंजीत सिंह पार्कों के टेंडर को लेकर धरने पर बैठ गए। हंगामे के कारण कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।
मार्ग प्रकाश विभाग में स्ट्रीट लाइट मेंटेनेंस के सिंगल टेंडर को लेकर मोंटी और महापौर में तीखी नोकझोंक हुई। मोंटी ने आरोप लगाया कि एक कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर शर्तें 23 से घटाकर 18 कर दी गईं और दोबारा निविदा बुलाने पर केवल एक ही ठेकेदार सामने आया। उन्होंने महापौर पर इशारा करते हुए कहा- 'सदन में जनता का काम नहीं, बल्कि अपना काम हो रहा है।' इस पर महापौर नाराज हो गईं और कहा- 'इस तरह की बदतमीजी नहीं चलेगी, तमीज से बात करें।' इसके बाद सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।
मोंटी ने यह भी आरोप लगाया कि जिस ठेकेदार को सफाई का ठेका दिया गया था, उसने स्ट्रीट लाइट ठेका पाने वाले के खिलाफ मुकदमा किया था, लेकिन बाद में वापस ले लिया। उनके आरोपों का कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने समर्थन करते हुए कहा कि सिंगल टेंडर किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। कई भाजपा पार्षदों ने भी माना कि यह नियमों के खिलाफ है और जांच होनी चाहिए।
पार्कों के टेंडर पर भी हंगामा
भाजपा पार्षद रंजीत सिंह यादव और राजीव दीक्षित ने अपर नगर आयुक्त अरविंद राव पर आरोप लगाया कि वे सदन के अधिकार को कमतर बता रहे हैं। विवाद बढ़ा तो रंजीत सिंह धरने पर बैठ गए। महापौर ने समझाने की कोशिश की, लेकिन पार्षद नारेबाजी करते रहे। नतीजा, सदन आधे घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा। आरोप है कि पूरे शहर के पार्कों का रखरखाव एक ही ठेकेदार को देने की तैयारी है। पार्षद प्रमोद सिंह राजन ने खुलासा किया कि जिस ठेकेदार को जिम्मेदारी सौंपी जानी है, उसकी आठ कंपनियां पहले से नगर निगम में अलग-अलग नाम से दर्ज हैं।
ये प्रस्ताव हुए पास
एक महीने में शहर से अवैध होर्डिंग हटाई जाएंगी, समिति गठित
हर वार्ड में पार्कों की देखरेख के लिए दो कर्मचारी दिए जाएंगे
नगर निगम की केंद्रीय कार्यशाला के लिए जमीन तलाशने का प्रस्ताव अगली बैठक में आएगा
अमौसी में मैंगो पार्क के लिए भूमि उपयोग बदलने का प्रस्ताव पास
मोहान रोड आवासीय योजना हेतु कलिया खेड़ा गांव की भूमि पुनर्ग्रहण का प्रस्ताव पास
पार्क रोड का नाम डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड
खुर्रम नगर चौराहा का नामकरण सीमैप चौराहा
ये प्रस्ताव हुए निरस्त
सिग्मा ट्रेड विंग्स की बकाया किस्त का समायोजन
वंशिका एडवरटाइजिंग एजेंसी के प्रचार शुल्क में कमी
कूड़े से बिजली बनाने वाले बंद प्लांट को फिर शुरू करना
कैरियर डेंटल कॉलेज (घैला गांव) की सड़क और नाली की भूमि का विनिमय