लखनऊ। अमेठी में आयोजित राज्य सीनियर पुरुष आमंत्रण हैंडबॉल चैंपियनशिप में लखनऊ ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में लखनऊ ने मेरठ को 43-36 के अंतर से हराकर लगातार दूसरे साल खिताब पर कब्जा जमाया और अपना दबदबा कायम रखा। इस मुकाबले में गोलकीपर शशिशंकर पांडेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और जीत में योगदान दिया।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल में लखनऊ ने वाराणसी को 40-32 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं लीग चरण में लखनऊ को पूल ए में गोरखपुर, मिर्जापुर, बस्ती और अयोध्या के साथ रखा गया था, जहां लखनऊ ने सभी टीमों को लगभग 10 गोल के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ आनंदेश्वर पाण्डेय और कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने लखनऊ टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह प्रदर्शन प्रदेश में हैंडबॉल खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है। लगातार दूसरे वर्ष स्वर्ण पदक जीतना टीम की निरंतरता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को दर्शाता है। मौके पर लखनऊ टीम के कोच मोहम्मद तौहीद ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन और मेहनत का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। लगातार दूसरे वर्ष स्वर्ण पदक जीतना हमारे लिए गर्व की बात है।