अंसल बिल्डर के खिलाफ मुकदमें बढ़ते जा रहे हैं। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में नौ और एफआईआर आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई है। पिछले तीन दिन में करीब 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस पीड़ितों से साक्ष्य संकलन कर रही है। जल्द ही प्रणव अंसल और सुशील पर शिकंजा कसेगा। एचएएल टाउनशिप में रहने वाले भागीरथी वर्मा के मुताबिक उन्होंने अंसल में एक प्लॉट बुक कराया था।
वर्ष 2011 में अनुबंध भी हो गया था। इसके बाद उन्होंने फाइनेंस कराकर 8,92,400 रुपये दे भी दिए। इस बीच अंसल ने नया अनुबंध तैयार कर दिया और प्लॉट पर कब्जा देने में हिलाहवाली करने लगे। आरोपियों ने अतिरिक्त रुपये लिए और सारे कागजात जमा करा लिए। आरोप है कि आरोपियों ने प्लॉट की न तो रजिस्ट्री की और न ही रुपये वापस किए।
परेशान हाेकर पीड़ित ने अंसल महाप्रबंधक और निदेशक समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उधर, सीतापुर के विजय लक्ष्मी नगर निवासी विजय जगवानी ने भी आरोपियों पर प्लॉट दिलाने के नाम पर 5,98,735 रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है। इसी तरह विष्णुलोक कॉलोनी निवासी एसके घोष ने भी प्रणव अंसल के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उन्होंने एक विला बुक कराया था। इसके एवज में अंसल ने उनसे 11,60,123 लाख रुपये एडवांस लिए। 14 साल बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने कब्जा नहीं दिया और ना ही पैसा वापस किया।
गोरखपुर के गोलखघर निवासी अर्चना राय ने भी वर्ष 2011 में अंसल में अपनी मां के नाम एक प्लॉट बुक कराया था। इसके एवज में उन्होंने कुल 21 लाख नौ हजार रुपये भी जमा किए, लेकिन उन्हें प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की गई। उधर, मिर्जापुर के चुनार स्थित खान जादीपुर निवासी अजय कुमार सिंह और मनोज कुमार सिंह ने भी अंसल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। इनके अलावा एचएएल टाउनशिप कानपुर निवासी रितेश कुमार गुप्ता, मसकगंज चौक निवासी आशा मिश्रा और आजमगढ़ के लाहरपार निवासी अरुण कुमार सिंह ने भी बिल्डर के खिलाफ केस दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।