शहीद पथ स्थित अंसल एपीआई की हाईटेक टाउनशिप सुशांत गोल्फ सिटी में जमीन पर काम छह महीने में शुरू हो जाएगा। यहां के पांच हजार आवंटियों को भूखंड-फ्लैट का कब्जा देने के साथ रजिस्ट्री भी होने लगेगी। अंसल के दिवालिया होने से ये सभी काम करीब दो साल से बंद थे। ऐसे में उन आवंटियों को बड़ी राहत मिलेगी जो पैसा देने के बाद भी भूखंड या फ्लैट के लिए परेशान थे।
योगी सरकार की कैबिनेट से मंगलवार को प्रस्ताव पास होने के बाद अब एलडीए सुशांत गोल्फ सिटी को अपने अधिकार में लेगा। वह इसके लिए राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) में दावा पेश करेगा। 23 सितंबर को सुनवाई होगी। अभी तक टाउनशिप के आवंटी, निवेशक ही दावा कर रहे थे। अब एलडीए भी अधिकृत तौर पर टाउनशिप को कब्जे में लेने का दावा पेश करेगा।
प्राधिकरण इस पर हामी भरेगा कि टाउनशिप पर बाहरी लोगों की देनदारियों (करीब 2912 करोड़ रुपये) को वह चुकाएगा। प्रस्ताव में यह भी साफ कर दिया गया है कि शासन इसके लिए एलडीए को वित्तीय मदद उपलब्ध कराएगा ताकि टाउनशिप हैंडओवर करने में कोई बाधा न आए। इसी तरह ग्राम समाज की जमीन प्राधिकरण को दी जाएगी। इससे आवंटियों को भूखंड देने के लिए जमीन की कमी नहीं पड़ेगी।
एनसीएलटी की हरी झंडी के बाद शुरू हो जाएगा प्रोजेक्ट पर अमल का काम
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार का कहना है कि कैबिनेट में मंजूर हुए प्रस्ताव के आधार पर एनसीएलटी में दावा पेश किया जाएगा। वहां दावा मंजूर होने का जो आदेश जारी होगा उसके आधार पर काम किया जाएगा। टाउनशिप को टेकओवर करने का आदेश मिलने के बाद एलडीए शासन के निर्देश पर कार्ययोजना बनाएगा। इसमें आवंटन, रजिस्ट्री से लेकर विकास कार्य तक के मामलों को शामिल किया जाएगा। कौन का काम किस तरह होगा इसके नियम-शर्तें बनाई जाएंगी।