प्रदेश भर से हज के लिए आवेदन करने वाले सभी 8701 आवेदक हज पर जाएंगे। इन सभी को हज खर्च की 81 हजार रुपये की पहली किस्त 6 मई तक जमा करानी होगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया से प्रदेश की हज सीटों का कोटा आवंटित होने के बाद सभी आवेदकों को हज के लिए चयनित किया है। अब हज यात्रियों को हज खर्च की पहली किस्त हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा कर उसकी रसीद व पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज राज्य हज कमेटी के कार्यालय में डाक के जरिए या खुद 6 मई तक जमा करनी होगी। हज का कुल खर्च हवाई किराया और सऊदी अरब में विभिन्न व्यय का खुलासा होने के बाद तय किया जाएगा।
कल लॉटरी से चुने जाएंगे 58 हज सेवक
इस साल हज यात्रा पर जाने वाले लोगों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भेजे जाने वाले ख़ादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) का चयन लाटरी के जरिए होगा। प्रदेश भर में कार्यरत सरकारी कर्मियों से प्राप्त ऑनलाइन कुल 343 आवेदनों में से 58 आवेदकों का चयन मुख्य सूची व 6 आवेदकों का चयन प्रतीक्षा सूची से करने के लिए लॉटरी 4 मई को लॉटरी निकाली जाएगी। उप्र राज्य हज समिति केकार्यपालक अधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि समाज कल्याण निदेशालय के सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी और मोहसिन रज़ा शामिल होंगे।