लखनऊ मेट्रो के एयरपोर्ट स्टेशन का निर्माण इसी महीने से शुरू होगा। 269.86 करोड़ रुपये खर्च कर भूमिगत स्टेशन, सुरंग और एप्रोच रैंप बनाया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि यह स्टेशन वर्ष 2019 के अंत तक तैयार हो जाएगा।
इस स्टेशन को तैयार करने का ठेका दिल्ली की कंपनी सैम इंडिया को मिला है। एयरपोर्ट स्टेशन बनने के बाद ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से मेट्रो कनेक्ट हो जाएगी। यहां अमौसी स्टेशन पहले ही बन रहा है। ऐसे में लोग एयरपोर्ट से चारबाग यात्रा मेट्रो से कर पाएंगे।
एयरपोर्ट के स्टेशन का काम छह महीने से अटका पड़ा था। पहले टेंडर के खुलने और फिर यूरोपियन इंवेस्टमेंट बैंक से निर्माण के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी के नाम पर सहमति में देरी की वजह से ऐसा हुआ।
ईआईबी की सहमति मिलने के बाद अब काम शुरू हो सकेगा। सैम इंडिया इससे पहले लखनऊ मेट्रो के लिए ही ट्रांसपोर्टनगर डिपो का निर्माण कर चुकी है। वहीं दिल्ली मेट्रो और मुंबई मेट्रो के लिए भी काफी काम इस कंपनी ने किया है।
जमीन का रोड़ा नहीं
एलएमआरसी के एक अफसर ने बताया कि एयरपोर्ट स्टेशन के लिए जरूरी जमीन के लिए सैद्धांतिक सहमति एयरपोर्ट अथॉरिटी से मिलने के बाद ही टेंडर किया गया। जिस जमीन पर निर्माण होना है, उसका करीब 80 फीसदी पहले से ही लखनऊ मेट्रो को यार्ड के लिए मिला हुआ है।
यहीं से भूमिगत स्टेशन के लिए जाने के लिए अप्रोच रैंप का निर्माण होना है। भूमिगत स्टेशन का निर्माण भी इसी जमीन पर होना है। स्टेशन तक पहुंचने के लिए बनने वाली भूमिगत सुरंग के लिए बाकी 20 फीसदी जमीन चाहिए। इसके लिए काम करने की अनुमति मिल चुकी है। जमीन ट्रांसफर करने के लिए कैबिनेट को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
अफसरों का दावा-30.14 करोड़ रुपये बचाए
एयरपोर्ट स्टेशन बनाने के लिए पूर्व में एलएमआरसी ने 290 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव रखा था। इसके लिए सैम इंडिया ने 269.86 करोड़ रुपये की बोली लगाई। एलएमआरसी का दावा है कि 30.14 करोड़ रुपये कम कीमत में यह कॉन्ट्रैक्ट अवार्ड किया गया है।