जागरुकता सत्र में एयरलाइन, एयरपोर्ट प्रशासन की टीम भी रही शामिल
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वाइन फ्लू व मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके यात्रियों को बताए गए। एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की ओर से जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बीमारियों के बाबत यात्रियों के सवालों के भी जवाब दिए गए।
सत्र को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सैयद जुल्फेकार अहमद ने यात्रियों को एच1एन1 इन्फ्लुएंजा और मौसमी बीमारियों के प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी। साथ ही उनसे बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. निश्चय केसरी व जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. जय यादव सहित एयरलाइनों, इमिग्रेशन, कस्टम्स व ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रतिभागियों को हाथों की स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया गया। उन्हें श्वसन संबंधी शिष्टाचार के बारे में भी बताया गया। मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक निवारक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सत्र का उद्देश्य स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी निवारक उपायों को प्रोत्साहित करना था।