इंडिगो की सीधी उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों को अब महंगी कनेक्टिंग उड़ानों के सहारे सफर करना पड़ रहा है। रविवार को मुंबई की कनेक्टिंग उड़ान का किराया 45 हजार रुपये पार कर गया। इंडिगो से उपजे संकट के बाद विमानों के बेतहाशा बढ़ रहे किराये पर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कैपिंग की है। इस आदेश के बावजूद कई विमान कंपनियां महंगे किराये पर टिकट बेच रही हैं। इंडिगो के अलावा लखनऊ से दिल्ली, पटना, देहरादून और जयपुर समेत कुछ शहरों के लिए ही दूसरी कंपनियों की सीधी उड़ान सेवाएं हैं। ट्रेवेल एजेंटों के मुताबिक, पुणे, मुंबई, बंगलूरू व चेन्नई जैसे महानगरों के लिए कोई सीधी उड़ान नहीं है। इन शहरों के लिए कनेक्टिंग उड़ानें ही सहारा हैं। इंडिगो संकट के बाद लखनऊ से मुंबई के लिए एअर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 45,664 रुपये पहुंच गया है। किराया निर्धारित करने के बावजूद विमान कंपनियों की मनमानी जारी है।