चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात बम की झूठी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को देने वाले कानपुर विधून जयसिंहपुर निवासी श्याम सुंदर को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि शराब के नशे में श्याम सुंदर ने कंट्रोल रूम पर फोन किया था।
शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे एक व्यक्ति ने डायल- 112 पर लखनऊ एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी थी। यह सूचना मिलते ही पुलिस, एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट हो गया था। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुला लिया गया था। चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग की गई पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस बीच पुलिस ने जब सूचना देने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
ये भी पढ़ें - कांवड़ यात्रा की तैयारी: योगी सरकार चलाएगी अतिरिक्त बसें, निगरानी के लिए 24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम
ये भी पढ़ें - पीएम मोदी ने की यूपी की तारीफ, बोले- ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत यूपी में दिखा जनशक्ति का अद्भुत संकल्प
जांच में सूचना झूठी मिलने पर एयरपोर्ट चौकी इंचार्ज नीशू चौधरी की तहरीर पर फोनकर्ता के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से पता चला कि फोनकर्ता का नाम श्याम सुंदर है और उसकी लोकेशन कानपुर में है।
इसके बाद पुलिस की एक टीम कानपुर भेजी गई और रविवार सुबह आरोपी श्याम सुंदर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम पर झूठी सूचना देने की बात बताई है।