राजधानी लखनऊ में पीजीआई के तेलीबाग में शनिवार देर रात भाजपा झंडा लगी तेज रफ्तार एसयूवी ने मंदिर जा रहे आठ लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अन्य लोग मामूली रूप से चोटिल हुए। पीजीआई पुलिस ने हत्या का प्रयास, लापरवाही से वाहन चलाने व अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी चालक हुसैनगंज निवासी अक्षय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
हादसे के वक्त बाइक से गुजर रहे सिपाही व अन्य लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ने की कोशिश की तो उसने भागने के लिए एसयूवी बैक कर दी। सिपाही ने जब आरोपी को एसयूवी से बाहर निकाला तो वह उनसे मारपीट करने लगा। इससे नाराज लोगों ने चालक को जमकर धुन दिया। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने आरोपी को पकड़ लिया और एसयूवी कब्जे में ली। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आनंद, राजेश व अज्ञात युवक को पीजीआई के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अज्ञात युवक की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार एसयूवी चालक हुसैनगंज निवासी अक्षय सिंह है। इस पर पहले लखनऊ, बाराबंकी व रायबरेली में चोरी, लूट, डकैती और अपहरण आदि के आठ केस दर्ज हैं। एसयूवी सीज की गई। आशंका है कि आरोपी शराब के नशे में था। दुर्गा मंदिर, तेलीबाग निवासी घायल युवक राजेश की पत्नी नगमा की तहरीर पर आरोपी एसयूवी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है। 1.20 मिनट के इस वीडियो में एसयूवी चालक 100 की स्पीड में गाड़ी भगाते हुए दिखा। मंदिर के पास हादसे के बाद आरोपी ने एसयूवी बैक की और फुटेज में सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में टक्कर मार दी।