अलीगंज सेक्टर एन वन में रहने वाले जौनपुर के मड़ियाहूं निवासी दवा कारोबारी प्रद्युमन पाठक (35) ने बृहस्पतिवार को अवैध रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। शाम को रूम पार्टनर दिव्यांशु सिंह के घर पहुंचने पर घटना का पता चला।
प्रद्युमन के सिर के दाहिने ओर गोली का निशान था। खबर पाकर डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह, एसीपी गाजीपुर भी पहुंच गए। पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन के बाद रिवाल्वर को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। दिव्यांशु ने बताया कि प्रद्युमन दवा का कारोबार करते थे।
एसीपी गाजीपुर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि प्रद्युमन सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से रुपया ले रखा था। नौकरी न लगने पर फोन करके अपना रुपया मांग रहे थे। प्रद्युमन ने दिव्यांशु से भी दरोगा बनवाने के नाम पर रुपया ले रखा था। प्रद्युमन के परिवार में पत्नी व एक बेटी है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि परिजन अगर कोई आरोप लगाते हैं या तहरीर देते हैं तो उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।