स्कूटी सवार लड़की का किया पीछा। डेमो इमेज।
- फोटो : अमर उजाला।
गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे से भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही युवती का कार सवारों शोहदों ने पीछा किया। करीब चार किलोमीटर तक आरोपी गंदे इशारे करते हुए अश्लील फब्तियां कसते रहे। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास कार सवारों ने भाई-बहन की स्कूटी को ओवरटेक करने की कोशिश भी की। सफल नहीं होने पर चलती कार से युवती को गालियां देते हुए धमकाया। पीड़िता ने कार के नंबर के आधार पर गाजीपुर थाने में छेड़छाड़ व धमकाने का केस दर्ज कराया है।
इंदिरानगर निवासी 25 वर्षीय युवती मेडिकल की पढ़ाई के बाद एक डॉक्टर के अधीन ट्रेनिंग कर रही है। पीड़िता ने बताया कि सोमवार रात भाई, बहन और सहेली के साथ गोमतीनगर घूमने गई थी। होटल में खाना खाने के बाद सभी लोग समतामूलक चौक पहुंचे। उसके बाद देर रात सभी लोग अलग-अलग स्कूटी से घर लौट रहे थे। युवती भाई के स्कूटी पर सवार थी। पीड़िता ने बताया कि समतामूलक चौराहे से मुंशी पुलिया की तरफ बढ़ते ही सफेद रंग की कार में सवार कुछ युवक पीछा करने लगे। काफी देर तक भाई-बहन कार सवारों को नजरअंदाज करते रहे, लेकिन युवकों की हरकतें बढ़ने लगीं। आरोपियों ने गंदे इशारे करते हुए अश्लील फब्तियां कसीं।
ओवरटेक कर रोकने का किया प्रयास
पीड़िता के मुताबिक पॉलीटेक्निक चौराहे के पास कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर स्कूटी रोकने का प्रयास किया। असफल होने पर कार का शीशा उतार कर भाई के सामने ही युवती को गालियां दीं। इसके बाद आरोपी रिंग रोड की तरफ भाग गए। पीड़ित भाई-बहन ने पीछा किया तो अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने कार रोक कर उन्हें धमकाया भी।
कार का नंबर प्रयागराज का, कैमरे खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद डरी सहमी पीड़िता रो पड़ी। भाई ने उसे संभाला। पीछे से बहन और सहेली भी आ गईं। डायल-112 पर सूचना देने के बाद सभी लोग रात में गाजीपुर थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की कार का नंबर प्रयागराज आरटीओ में रजिस्टर्ड है। रास्ते के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इधर, पीड़िता ने एक्स पर आपबीती बताते हुए एक पोस्ट भी किया। पीड़िता ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लखनऊ को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि मेरे जैसी आम लड़कियां सुरक्षित महसूस करें।