फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow: चार दिन में 12 हादसे, 13 की मौत, एसयूवी ने बाइक सवार को टक्कर मारी तो डिवाइडर से टकराई कार

Thu, 05 Mar 2026 10:52 PM IST
Akash Dwivedi अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

लखनऊ में चार दिनों के भीतर 12 सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। हादसे शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए। निगोहां में एसयूवी की टक्कर से एक किसान की जान चली गई। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है
विज्ञापन
कार पूरी तरह टूट गई। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को हुए 12 सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हो गए। घटनाएं सुशांत गोल्फ सिटी, निगोहां, विकासनगर, ठाकुरगंज, इटौंजा, बख्शी का तालाब, गोसाईंगंज, मदेयगंज, चिनहट, कैसरबाग और दुबग्गा इलाके में हुईं।

निगोहां में एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार की मौत

निगोहां में एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार कासिमपुर मीरकनगर निवासी किसान सुनील (33) की मौत हो गई। उनके भाई सुशील के अनुसार, सुनील मंगलवार रात गांव के पास खेत में रखवाली के लिए गए थे।  बुधवार सुबह बाइक से घर लौटते समय रास्ते में टाइटेनियम ग्लास फैक्टरी के पास तेज रफ्तार एसयूवी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट लगाए सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। 

विज्ञापन


मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी एसयूवी सवार गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। सुनील के परिवार में पत्नी पिंकी व तीन बेटियां हैं। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी के अनुसार, सुनील उनके थाने का हिस्ट्रीशीटर था।

विकासनगर में डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार की गई जान

विकासनगर में डिवाइडर से टकराकर हजरतगंज के बालू अड्डा निवासी रवि सिंह (23) की जान चली गई। उनके भाई शिवा के अनुसार, रवि डेंटिस्ट की क्लीनिक पर नौकरी करते थे।बुधवार दोपहर विकासनगर सेक्टर-3 स्थित बहन गुंजा के घर से होली खेलकर लौट रहे थे। 

विकासनगर मामा चौराहे के पास रवि की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल रवि को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। भाई शिवा के अनुसार, रवि ने हेलमेट लगा रखा था। आरोप है कि अस्पताल में उनके भाई को डेढ़ घंटे तक इलाज नहीं मिला। रवि के परिवार में मां गुड़िया और पिता रामआसरे हैं।

कुड़िया घाट के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई

कुड़ियाघाट के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मोहन मिकिन रोड गोड़ियन पुरवा निवासी जैकी कश्यप (30) की मौत हो गई। वहीं दोस्त अरुण घायल हो गए। जैकी के भाई विशाल ने बताया जैकी बुधवार सुबह दोस्त अरुण के साथ होली खेलने गए थे। 

विज्ञापन


रास्ते में कुड़िया घाट के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां जैकी की मौत हो गई। अरुण को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। जैकी प्राइवेट गाड़ी चलाते थे और परिवार में पत्नी शुभ से तलाक का केस चल रहा है। उनके एक बेटा है।

इंटौंजा-महोना रोड पर वाहन की टक्कर से महिला की मौत

इटौंजा-महोना रोड निवासी सुनीता (40) घर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुनीता के पति सुरेश कुमार यादव कुर्सी रोड स्थित इंटीग्रल अस्पताल में कुछ दिनों से भर्ती हैं। बुधवार दोपहर 1:00 बजे वह पति को खाना देने के लिए घर से निकली थीं, तभी हादसा हो गया। उनके परिवार बेटा ऋषित है।

बक्शी का तालाब में डंपर से टकराकर बाइक सवार की गई जान

बक्शी का तालाब स्थित भैंसामऊ के पास सामने से डंपर की टक्कर से बाइक सवार सीतापुर के अटरिया स्थित परेवा गांव निवासी पंकज (24) की मौत हो गई। वहीं, दोस्त शक्तिमान घायल हो गए। पंकज के भाई रामनरेश ने बताया कि पंकज दोस्त शक्तिमान के साथ फ्लावर डेकोरेशन का काम करते थे। 

मंगलवार दोपहर को वह बाइक से शक्तिमान के साथ सैरपुर स्थित छठा मील काम पर जा रहे थे। बक्शी का तालाब स्थित भैंसामऊ के पास सामने से डंपर की उनकी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट लगाए पंकज और बाइक पर पीछे बैठे शक्तिमान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां पंकज की मौत हो गई। साथी शक्तिमान का इलाज चल रहा है।

गोसाईंगंज में टहलने निकले युवक की हादसे में मौत

गोसाईंगंज के चांद सराय निवासी छेदा (88) मंगलवार शाम टहलने के लिए घर से निकले थे। घर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस पुल के नीचे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मदेयगंज में बस के पहिये की चपेट में आकर बाइक सवार की गई जान

मदेयगंज स्थित शिया कॉलेज के सामने रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार जीशान (32) सड़क पर गिरे और बस का पहिये के नीचे आ गए। हादसे के बाद आरोपी चालक बस लेकर भाग गया। 

लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जीशान को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पास मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जीशान के मौसेरे भाई साकिब ने बताया कि सहादतगंज स्थित खिन्नी चौराहे निवासी जीशान एसी मैकेनिक थे। मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे वह बाइक से किसी काम से जा रहे थे। हादसे के वक्त जीशान ने हेलमेट नहीं पहना था। जीशान की दो माह पहले ही शादी हुई थी।

गोमतीनगर में वाहन की टक्कर से बाइकसवार की मौत

बाराबंकी के सूरतगंज निवासी चंदन सिंह (30) गोमतीनगर स्थित विनम्रखंड में रहकर विवेकखंड स्थित घर में घरेलू काम करते थे। मंगलवार दोपहर वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में चिनहट के मटियारी पुल पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनके भाई नीरज के अनुसार चंदन के परिवार में पत्नी संगीता और दो बच्चे हैं।

इटौंजा में डाले की टक्कर से बाइक सवार की गई जान

मूल रूप से सीतापुर के टांड पुरवा चौपरिया गांव निवासी राकेश मजदूरी करते थे। उनके भाई राजेश ने बताया सोमवार दोपहर राकेश सीतापुर होली के त्योहार के लिए साले संदीप के साथ सीतापुर घर बाइक से जा रहे थे। बाइक संदीप चला रहे थे। 

रास्ते में इटौंजा-सीतापुर हाईवे पर स्थित छोटू ढाबे के पास तेज रफ्तार डाला और राकेश की बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में राकेश और संदीप घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान राकेश की मौत हो गई। वहीं, संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। राकेश के परिवार में पत्नी गीता, दो बेटे और एक बेटी हैं।

कैसरबाग में स्कूटी की टक्कर से दुकानदार की मौत

कैसरबाग के ख्यालीगंज निवासी अमर गुप्ता (65) घर के पास पान की परचून की दुकान है। उनके बेटे गौरव ने बताया कि पिता सोमवार देर रात 11:00 बजे दुकान पर जा रहे थे। घर के पास ही तेज रफ्तार स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई। उनको बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दुबग्गा में गिट्टी पर फिसली बाइक, बुजुर्ग की मौत

काकोरी स्थित खालिसपुर निवासी माता प्रसाद (70) हनुमत धाम के पास प्राइवेट अस्पताल में लिफ्ट मैन थे। बेटे अमित के अनुसार, पिता भाई मिथुन के साथ दो मार्च की दोपहर को ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे। रास्ते में दुबग्गा स्थित पावर हाउस के पास स्थित ढाबे के सामने रोड पर गिट्टी पड़ी थी। उससे बचने के लिए मिथुन ने जैसे ही ब्रेक लगाया, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गंभीर रूप से घायल पिता और भाई को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर रात पिता की मौत हो गई। परिवार में पत्नी अनीता व तीन बेटे हैं।

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें