लविवि : आउटसोर्स कर्मियों ने घेरा प्रशासनिक भवन
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्स कर्मचारियों ने सोमवार को प्रशासनिक भवन का घेराव किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व की सेवा प्रदाता कंपनी साईनाथ एसोसिएट्स ने उन्हें दो माह का वेतन भुगतान नहीं किया है। इसके अलावा कई महीनों का ईपीएफ भी उनके खातों में जमा नहीं किया गया है। लविवि कर्मचारी परिषद के पूर्व अध्यक्ष रिंकू राय के मुताबिक विवि की ओर से सेवा प्रदाता एजेंसी को भुगतान किया जा चुका है। अभी नई सेवा प्रदाता कंपनी को ठेका मिल गया है जो टेंडर मिलने की तिथि से कर्मचारियों को भुगतान करेगी। देर शाम तक कर्मचारी प्रशासनिक भवन कार्यालय में जुटे रहे। हालांकि विवि प्रशासन ने जल्द बकाया भुगतान करवाने का आश्वासन दिया है।