लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए परास्नातक (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। इस बार विश्वविद्यालय की केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया से 10 वित्तपोषित और अल्पसंख्यक कॉलेजों को जोड़ा गया है।
इस व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को फायदा होगा, जिन्हें मुख्य परिसर में प्रवेश नहीं मिल पाता। अब वे सीधे संबद्ध कॉलेजों में सीट पा सकेंगे। काॅलेजों और पाठ्यक्रमों की जानकारी लविवि के ब्रोशर में विस्तार से दी गई है।
लविवि के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव के अनुसार, नारी शिक्षा निकेतन में एमए हिंदी, नवयुग कन्या महाविद्यालय में एमए अर्थशास्त्र और एमकॉम, जबकि बीएसएनवी पीजी कॉलेज में हिंदी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र समेत कई विषयों में प्रवेश मिलेगा। कालीचरण पीजी कॉलेज में हिंदी, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, शिक्षाशास्त्र और कॉमर्स के पाठ्यक्रम उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा खुनखुनजी गर्ल्स कॉलेज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज, करामत हुसैन कॉलेज और अवध गर्ल्स कॉलेज में भी विभिन्न विषयों में दाखिले का मौका मिलेगा।