लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अनुदानित व राजकीय महाविद्यालयों के प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्षता लविवि के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने की। उमा हरिकृष्ण अवस्थी सभागार में हुई बैठक में केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया में अनुदानित महाविद्यालयों को शामिल करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कुलपति ने बताया कि राजकीय व अनुदानित महाविद्यालयों को इस प्रक्रिया में निशुल्क शामिल किया जाएगा, हालांकि इसमें भागीदारी वैकल्पिक होगी। विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रमों के पुनर्संरचना का कार्य जारी है और 15 माइनर डिग्री कोर्स अगले सत्र से शुरू किए जाएंगे। साथ ही महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया कि यदि उनकी प्रबंध समिति का अनुमोदन समाप्त हो चुका है तो नए सत्र से पहले उसे नवीनीकृत करा लें।
बैठक में अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्रबंधक प्रो. निशी पांडेय सहित अन्य प्रबंधकों ने अपने सुझाव भी रखे। इस माैके पर नगर निगम टैक्स, वाटर टैक्स और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति जैसे मुद्दे भी उठे। बैठक में कुलसचिव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और करीब 20 महाविद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे। कुलपति ने हर तीन माह में ऐसी बैठकें आयोजित करने की घोषणा की।