लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातक की चार हजार सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। इसके लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
स्नातक 2025-26 में आवेदन फॉर्म ऑनलाइन हैं। संबद्ध महाविद्यालयों में जिन विद्यार्थियों को किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना है तो पंजीकरण कराना होगा। इसका शुल्क 100 रुपये है। बीबीए, बीसीए, डी-फार्मा कोर्स में आवेदन के लिए सामान्य छात्रों को 1000 हजार रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी छात्रों के लिए फीस 500 रुपये है। अन्य कोर्सों में प्रवेश के लिए समान्य छात्रों को 800 और एससी एसटी छात्रों को 400 रुपये फॉर्म शुल्क देना होगा।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
विवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in पर जाना होगा। यहां एडमिशन पेज के लिंक पंजीकरण पर क्लिक करना होगा। इसके बाद https://lkounivadm.samarth.edu.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के पेज पर दाहिने अंकित न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करके लॉगिन आईडी बनाना होगा। इसके लिए अभ्यर्थी ईमेल आईडी पहले से बनाकर रखें, क्योंकि ओटीपी उसी ईमेल पर भेजा जाएगा। इसे दर्ज करके ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इन बातों का रखें ध्यान
लॉगिन आईडी बनाने के बाद दोबारा उसी पेज के दाहिने अंकित लॉगिन पर क्लिक करके पूरा ब्योरा भरें। इसके बाद 100 रुपये का भुगतान पेंमेट गेटवे से करना होगा। विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पंजीकरण अनिवार्य है।