लखनऊ। मध्य प्रदेश के बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और अन्य रेलखंडों पर इंजीनियरिंग कार्यों के लिए ब्लॉक लिए जाने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसके चलते एलटीटी-लखनऊ एसी एक्सप्रेस रविवार के बजाय सोमवार को करीब 24 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। वापसी में भी यह ट्रेन निर्धारित समय से 23 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई।
ट्रेन संख्या 22121 एलटीटी-लखनऊ एसी एक्सप्रेस को शनिवार दोपहर 1:35 बजे एलटीटी से रवाना होना था, लेकिन यह रविवार सुबह 8:30 बजे चली। करीब 18 घंटे 55 मिनट की देरी से चलने के कारण रानी कमलापति और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन पहुंचने तक इसकी देरी बढ़कर करीब 24 घंटे हो गई। इस वजह से ट्रेन रविवार के बजाय सोमवार को लखनऊ पहुंची।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 22122 लखनऊ-एलटीटी एसी एक्सप्रेस सोमवार को करीब 23 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई। बीना में चल रहे कार्यों का असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस 3 घंटे 35 मिनट, भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट करीब चार घंटे और भोपाल-लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट की देरी से चलीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।