श्रावस्ती। तराई में बृहस्पतिवार मध्य रात चली तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश दिन में भी जारी रही। इससे समूचा जिला पानी से सराबोर है। जहां राप्ती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। वहीं पहाड़ी नालों के उफान पर आने से उसके तट पर स्थित खेत व मकान कटान की जद में आ गए। बारिश के कारण कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया। जबकि न्यायालय में अधिवक्ताओं की हड़ताल से सिर्फ आवश्यक कार्य ही हुए। तेज आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की बाधित विद्युत आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हुई है। निगम कर्मी मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। बरसात का हाल जानने के लिए डीएम ने भिनगा नगर का जायजा लिया।
खेत से सड़क तक भरा पानी, बढ़ी परेशानी
जिले में बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे शुरू हुई बारिश शुक्रवार पूरे दिन जारी रही। इससे सिर्फ खेत-खलिहान व ताल तलैया सहित मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। किसान धान की रोपाई में जुट गए। जबकि मुख्य मार्ग सहित गांव की गलियों में जलभराव से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। भिनगा-बहराइच फोरलेन पर खरगौरा मोड़ के निकट मुख्य मार्ग पर छह से आठ इंच तक पानी भर गया। इससे मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के कारण पटरी दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी। सोनवा के तुलसीपुर से रिसिया जाने वाला मुख्य मार्ग नाले में तब्दील हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही।
राप्ती नदी का भी बढ़ रहा जलस्तर
राप्ती नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार रात नौ बजे जमुनहा के राप्ती बैराज पर 126.90 सेंटीमीटर मापा गया। जो खतरे के निशान से 80 सेंटीमीटर कम था। जबकि शुक्रवार को दोपहर दो बजे राप्ती बैराज पर नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ कर 127.00 पहुंच गया। वहीं पहाड़ों पर हो रही बारिश से सिरसिया क्षेत्र के भैसाही, सूरजकुंड, डगमरा सहित अन्य नाले उफान पर आ गए हैं। इससे चिल्हरिया मोड़ स्थित राजकीय पालीटेक्रिक व कृषि विज्ञान केंद्र सहित श्री त्र्यंबकेश्वर आदर्श इंटर कॉलेज सहित पहाड़ी नालों के किनारे स्थित गांव व खेतों में कटान का खतरा मंडराने लगा है।
विद्यालयों में अवकाश घोषित
जिले में बृहस्पति रात से हो रही बारिश से जिले के कई विद्यालयों में जलभराव हो गया। वहीं कई विद्यालयों को जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव देखा गया। शुक्रवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया। वहीं माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों के न आने के कारण अवकाश की स्थिति देखी गई।
न्यायालयों में हुआ सिर्फ जरूरी काम
जिले में शुक्रवार बरसात के कारण मॉडर्न डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की ओर से हड़ताल की घोषणा कर दी गई। इससे यहां सिर्फ जरूरी काम ही निपटाए गए।
बाधित रही विद्युत आपूर्ति
जिले में बृहस्पतिवार रात चली तेज आंधी के कारण जमुनहा व सिरसिया विकास क्षेत्र के अधिकांश गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। यही स्थिति भिनगा इकौना व गिलौला क्षेत्र की भी रही। जहां पूरी रात आपूर्ति बाधित होने के कारण उपभोक्ता परेशान रहे। नगर क्षेत्र में सुबह आपूर्ति बहाल कराई गई पर बिजली की आवाजाही पूरे दिन जारी रही। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में निगम के कर्मी बरसात को कारण बताते हुए मौसम सामान्य होने का इंतजार करने की सलाह देते रहे। निगम कर्मियों का तर्क था कि ग्रामीण क्षेत्र की ज्यादातर विद्युत लाइनें जंगल व बाग से होकर गुजरी है। बारिश के कारण फीडर ट्रिप कर रहे हैं। इस दौरान विद्युत पोल पर चढ़ना घातक साबित हो सकता है। इसलिए लोगों को बारिश थमने का इंतजार करना चाहिए।
भिनगा नगर का डीएम ने लिया जायजा
जिले में होने वाली बारिश के बाद की स्थिति जानने के लिए डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने ईओ डॉ. अनीता शुक्ला व नगर पालिका परिषद भिनगा के अध्यक्ष इरफान अहमद के साथ नगर का जायजा लिया। उन्होंने नई बाजार, पुरानी बाजार व खलवा बाजार जाकर न सिर्फ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। बल्कि जलनिकासी व्यवस्था भी देखी।