रायबरेली-भोजपुर। जिले में बृहस्पतिवार रात हुई बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। पूरी रात करीब 500 गांवों की बिजली गुल रही। कहीं पर शुक्रवार सुबह नौ बजे तो कहीं 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। रात और दिन में बिजली न आने से लोग उमस से बेहाल रहे। किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। शहर में बिजली की ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र सूची से जुड़े कनौली, भदोखर, रायपुर महेरी, मेजरगंज समेत 200 से ज्यादा गांवों की बिजली होती है। रात में करीब नौ बजे बारिश होने से बिजली गुल हो गई। पहले 33 केवी लाइन में फॉल्ट आई। इसके बाद उपकेंद्र से निकले फीडरों की लाइनों में खराबी आ गई। इस वजह से गांवों की बिजली गुल रही। सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
इसी तरह विद्युत उपकेंद्र कठगर से 250 गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। रात 9 बजे के करीब बारिश से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। निर्मलगंज बाजार निवासी रोहित गुप्ता, खागीपुर सड़वा निवासी रामकुमार, राजापुर निवासी विनीत यादव, बजरंगी मौर्य ने बताया कि मामूली बारिश होने से बिजली गुल हो जाती है। रात भर बिजली न आने पर लोग गर्मी व उमस से बेहाल रहे। इस समय धान की रोपाई का समय चल रहा है। 18 घंटे में बमुश्किल 10 घंटे बिजली मिल रही है। इससे सिंचाई प्रभावित हो रही है।
उधर, सरेनी ब्लॉक क्षेत्र के रनापुर विद्युत उपकेंद्र से निकले फीडरों की बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे बारिश से 100 गांवों की बिजली गुल हो गई। निसगर, भोजपुर, राजापुर, दलीपुर के पास तार टूट गए। डिस्क और इंसुलेटर खराब हो गए। रात भर बिजली नहीं आई। इससे लोगों परेशान रहे। शुक्रवार को 14 घंटे बाद दोपहर 12 बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
अधीक्षण अभियंता विवेक कुमार सिंह ने बताया कि बारिश से लाइनों में फॉल्ट आ गई थी। इसकी वजह से बिजली बंद थी। फॉल्ट ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।