सरोजनीनगर। सरोजनीनगर के फर्रुखाबाद चिल्लावां निवासी अर्पित (21) मंगलवार शाम शादीशुदा प्रेमिका सुमन के घर में बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनके परिजनों ने प्रेमिका सुमन, उसके पति छोटू मौर्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की मांग करते हुए शव रखकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर सुमन व उसके पति को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। डॉक्टरों ने हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा है।
अर्पित के भाई मुलायम सिंह यादव ने बताया कि अर्पित ने इसी साल इंटर की परीक्षा दी। वह दूध का व्यवसाय करते थे। घर से कुछ दूरी पर तोपवन नगर में उनका प्लाट है, जहां गाय पली हैं। रोज की तरह अर्पित मंगलवार शाम को भी गाय को चारा देने प्लाॅट पर गए थे। देर शाम प्लाॅट के पास ही रहने वाले उनके फूफा मिश्रीलाल ने सूचना दी कि पड़ोसी छोटू उर्फ राजकुमार ने बताया कि अर्पित उसके घर के बाहर बेहोश पड़ा था। वह उसे उठाकर अपने घर ले आया है। मुलायम जब वहां पहुंचे तो अर्पित छोटू के घर के बाहर चारपाई पर अचेत पड़े मिले। परिजन उन्हें लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्पित के परिवार में मुलायम के अलावा मां संतोष कुमारी, भाई जितेंद्र यादव और बहन सरिता हैं। पिता सूरज पाल की छह माह पहले मौत हो चुकी है।
अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास शव रखकर प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद अर्पित के परिवार वाले उनका शव लेकर घर के लिए निकले तो रास्ते में अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर रखकर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तो परिजन शांत हुए। परिजनों ने बताया कि अर्पित के गले पर कसाव के निशान थे। इससे लग रहा है कि उसकी गला कसकर हत्या की गई है।
पहले प्रेमिका के जहर खाने की बात सामने आई थी
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि पहले यह बात सामने आई थी कि अर्पित व उसकी प्रेमिका दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया है, पर प्रेमिका के जहर खाने की बात सही नहीं मिली। सरोजनीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो छोटू के घर में ताला लगा मिला। उसके कमरे को सील कर दिया गया है।अर्पित के परिजनों की तहरीर पर सुमन, उसके पति छोटू व परिजनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर सुमन व छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि अर्पित ने उनके घर में फंदा लगाकर जान दी है।
दो साल से दोनों के बीच थे संबंध
एसीपी कृष्णानगर ने बताया कि जांच में पता चला है कि अर्पित का पड़ोसी की पत्नी से दो साल से संबंध था। दोनों का अक्सर मिलना-जुलना होता था। महिला के पहले से दो बच्चे भी हैं। कुछ समय से अर्पित प्रेमिका पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच खटपट हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।