लखनऊ। डालीबाग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के 72 फ्लैटों की लॉटरी 10 नवंबर से शुरू होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दो दिन लॉटरी चलेगी। आवेदकों की उपस्थिति में पर्चियां निकाली जाएंगी। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब पर सजीव प्रसारण होगा।
डालीबाग इलाके में माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से खाली कराई करीब 2314 वर्गमीटर जमीन पर एलडीए ने आवासीय योजना लॉन्च की है। प्राइम लोकेशन पर तीन ब्लॉक में 36.65 वर्गमीटर के 72 फ्लैट बनाए गए हैं।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी के इन फ्लैटों की कीमत 10.70 लाख रुपये है। योजना में पानी, बिजली, सुरक्षा इंतजाम के साथ दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चार अक्तूबर को ऑनलाइन खोला गया पंजीकरण तीन नवंबर तक चलेगा। अभी तक 8529 इच्छुक एलडीए की वेबसाइट पर लॉगइन करके पंजीकरण पुस्तिका खरीद चुके हैं। इनमें से 1658 ने शुल्क जमा करवाकर पंजीकरण भी करा लिया है।