लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बसंतकुंज में आशियाने का इंतजार कर रहे आवेदकों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शुक्रवार को सेक्टर-आई के भवनों के आवंटन के लिए लॉटरी निकालेगा। इसमें 147 आवेदकों की किस्मत का फैसला होगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लॉटरी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में सुबह 10 बजे से शुरू होगी। आवेदकों की मौजूदगी में पर्चियां निकालकर भवनों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन भवनों के लिए सात जनवरी से आठ फरवरी तक ऑनलाइन पंजीकरण कराए गए थे। आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी। आवेदकों की सुविधा के लिए लॉटरी का एलडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इससे लोग घर बैठे पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे।