लखनऊ। एक महीने तक हुए पंजीकरण के बाद एलडीए ने मंगलवार को डालीबाग की प्राइम लोकेशन पर सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के 72 फ्लैटों का आवंटन कर दिया। इसके 6072 आवेदकों के मध्य लॉटरी डाली गई। जिनकी लाॅटरी निकली, वे गदगद हैं। अब बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आवंटियों को फ्लैटों की चाबी सौंपेंगे। यह फ्लैट माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से छुड़ाई गई जमीन पर बने हैं, जिनके लिए चार अक्तूबर से तीन नवंबर तक पंजीकरण हुआ था।
शहर की पॉश कॉलोनी डालीबाग में बने ये फ्लैट हैदर कैनाल बंंधे पर करीब 20 मीटर चौड़ी चकाचक सड़क बन जाने के बाद और खास हो गए हैं। इस तरह इनका रास्ता एक तो मेन डालीबाग रोड से दूसरा बंंधा रोड से हो गया है। बंधा रोड पर अब 1090 चौराहा की ओर से आ सकते हैं। डीजीपी ऑफिस की ओर से भी आ सकते हैं। हैदर कैनाल पर एसटीपी बन जाने से नाले की गंदगी की समस्या भी अब नहीं रही है। कुल मिलाकर लोकेशन, कीमत और सुविधाओं के लिहाज से यह बहुत अच्छे माने जा रहे हैं।
यही वजह रही कि 72 फ्लैटों के लिए कुल 8184 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया मगर जांच के बाद 6072 आवेदक पात्र पाए गए। यह फ्लैट ईडब्ल्यूएस श्रेणी के हैं जिनमें तीन लाख रुपये सालाना आय वाले ही आवेदन कर सकते थे। योजना में दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी दी गई है। इस योजना से बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकंदरबाग एवं हजरतगंज चौराहा महज पांच से 10 मिनट की दूरी पर है योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था व दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी है। कीमत 10.70 लाख रुपये है और एरिया 36.55 वर्ग मीटर है।
पहले 10 व 11 को होनी थी लॉटरी
योजना में पंजीकरण तीन नवंबर तक होना था और लाॅटरी 10 व 11 नवंबर को होनी थी, लेकिन सोमवार को एलडीए की ओर से इसमें बदलाव किया गया। इसके बाद मंगलवार को लाॅटरी हुई, जो करीब सात घंटे चली।
लॉटरी निकालते लोग।
लॉटरी निकालते लोग।