लखनऊ। मोहान रोड स्थित अनंत नगर आवासीय योजना के 637 भूखंडों के लिए 7429 आवेदकों के बीच 30 व 31 जनवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लॉटरी निकाली जाएगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना में तृतीय चरण में आकाश खंड के 617 और आदर्श खंड के 20 भूखंडों के लिए 20 दिसंबर से 16 जनवरी के बीच 7,429 लोगों ने पंजीकरण कराया। अब इनके बीच भूखंड आवंटन के लिए लॉटरी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में होगी। पहले दिन आरक्षित श्रेणी के आवेदकों की लॉटरी कराई जाएगी। दूसरे दिन सामान्य श्रेणी के आवेदकों के बीच लॉटरी होगी।