कृष्णानगर में आईडीबीआई बैंक के बाहर घात लगाए चार बदमाशों ने बुधवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर को चकमा देकर 10 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
लेकिन पहले से सजग प्रॉपर्टी डीलर ने एक लुटेरे को दबोच लिया तो लुटेरा रुपये उड़ाते हुए भाग निकला।
पुलिस अब हुलिये के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के आदेश दिए गए हैं।
कृष्णानगर की एलडीए कॉलोनी के एफ ब्लॉक में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर अजय शंकर मिश्रा दोपहर करीब 12:30 बजे दोस्त सौरभ श्रीवास्तव के साथ आईडीबीआई बैंक से दस लाख रुपये निकालने गए थे।
बहाने से भेजा बैंक के अंदर
रुपये को एक बैग में भरकर दोनों दोस्त बाहर आए और कार में ड्राइविंग सीट पर बैठने के साथ अजय ने नोटों से भरा बैग गियर लीवर के पास रख लिया।
सौरभ ने दूसरी तरफ का दरवाजा खोला था कि एक अजनबी युवक उनकी कार के पास आया और बोला कि अंदर मैडम बुला रही हैं।
कागजी खानापूरी में त्रुटि की आशंका के चलते सौरभ बैंक में चले गए।
नोट गिरने का दिया झांसा
ड्राइविंग सीट पर बैठे अजय साथी के लौटने का इंतजार कर रहे थे कि एक अन्य युवक ने शीशा खटखटाकर कार आगे बढ़ाने को कहा।
अजय ने कार स्टार्ट की थी कि दोबारा शीशा खटका। इस बार एक अन्य युवक ने अजय को उनके नोट सड़क पर पड़े होने की बात कही।
दस के कई नोट बिखरे देख सौरभ ने उन्हें उठाने के लिए दरवाजा खोला कि एक अन्य युवक कार में रखा बैग उठाकर भाग निकला।
...और उड़ा दिए नोट
अजय शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़े और करीब सौ मीटर दूर लुटेरे को बैग समेत दबोच लिया।
खुद को छुड़ाने की कोशिश में नाकाम रहने पर लुटेरा बैग की चेन खोलकर नोटों की गड्डियां सड़क पर फेंकने लगा।
अजय ने किसी तरह बैग छीना और एक हाथ से बदमाश को पकड़े रहने के साथ सड़क पर पड़े नोट बटोरने लगा।
ध्यान हटता देख लुटेरे ने झटका मारा और भाग निकला।