लखनऊ। सस्ता आईफोन दिलाने के बहाने बुलाकर नेपाली नागरिक की पिटाई कर नकदी लूटने के एक आरोपी को गोमतीनगर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नेपाल के बांके जिला के नेपालगंज बीपी चौक जिपरका निवासी मोहम्मद सरताज अंसारी ने मंगलवार को गोमतीनगर थाने में पिटाई करके नकदी लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उजरियांव, विजय खंड, थाना गोमतीनगर निवासी शीलू उर्फ अरबाज सिद्दीकी ने उसे आईफोन 12 प्रो सिर्फ 75 हजार रुपये मेें दिलाने की बात कही थी।
आईफोन लेने के लिए शीलू ने लोहिया पार्क के पास बुलाया था। सरताज का आरोप है कि वो 1.15 लाख रुपये लेकर लोहिया पार्क के पास पहुंचा। जहां शीलू और उसके साथी सरवर अली और हारिज उर्फ हमजा पहुंचे। आरोप है कि शीलू व उसके साथी सरताज की पिटाई करके 1.15 लाख रुपये लूटकर भाग गए थे। गोमतीनगर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि बुधवार को आरोपी शीलू को गिरफ्तार करके लूट की रकम के 39 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। अन्य आरोपियाें की तलाश की जा रही है।