तीन अधिकारियों समेत 36 पुलिसकर्मियों की टीम ने सोमवार को महिला समेत दस बदमाशों को गिरफ्तार करके गाजीपुर थाना क्षेत्र में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य संपत्ति अधिकारी राजकिशोर यादव के घर दिनदहाड़े डकैती का पर्दाफाश किया है। बदमाशों के कब्जे से 25 लाख के सोने और दो लाख रुपये के चांदी के गहने, 4.75 लाख रुपये, राजकिशोर व प्रशस्ति के मोबाइल, पांच तमंचे, वारदात में इस्तेमाल बोलेरो, बाइक और स्कूटी बरामद की है। डेढ़ साल पहले काम छोड़ चुके नौकर अजय वाल्मीकि ने अपनी पत्नी माधुरी के जरिये 25 साल पुराने नौकर विजय को पटाकर अपने गुर्गे को राजकिशोर के घर नौकरी दिलाई। नकदी-गहने व अन्य ब्योरा एकत्र करके वारदात अंजाम दी थी। पकड़े गए बदमाशों में डकैती के गहने बिकवाने वाला सुनार भी शामिल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने सनसनीखेज वारदात के खुलासे पर पुलिस टीम को 20 हजार रुपये नकद इनाम की घोषणा की है।
कलानिधि नैथानी ने बताया कि डकैतों ने राजकिशोर यादव और उनकी बेटी प्रशस्ति यादव को बंधक बनाकर 30 लाख के गहने, 50 हजार रुपये व लाइसेंसी रिवॉल्वर लूटी थी। पुलिस टीम ने चौक के रानी कटरा चौपटिया निवासी राज रस्तोगी, चिनहट के अजयनगर कमता निवासी संजीत यादव, बरेली के कस्बा सिरौली निवासी अजय वाल्मीकि, उसकी पत्नी माधुरी, रामपुर के शाहाबाद थाने के भीतरगांव बबलू कोरी, बल्लू वाल्मीकि, गोंडा के कटरा थाने के महपतपुरवा निवासी रामगोपाल उर्फ सिंटू उर्फ मुकेश, फतेहपुर के छुलहा थाने के गांव बरचंदपुर निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ भरत पाल, बहराइच के कैसरगंज थाने के सोनू उर्फ देवा, मौंडी थाने के गुजौली कला निवासी शनि सिंह को गिरफ्तार किया है।