लखनऊ। ट्रैक पर बारिश का पानी भरने की समस्या हो या फिर डिरेलमेंट। इंजन या सिग्नल फेल हो गया तो ट्रेनों को अमौसी व पिपरसण्ड में ही रोक दिया जाता है। इससे यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ती थीं, पर अब ऐसा नहीं होगा। इसके लिए उत्तर रेलवे मानकनगर स्टेशन पर लूपलाइन बनाने जा रहा है, जिससे ट्रेनों को रास्ते में नहीं रोकना पड़ेगा। इन्हें मानकनगर तक लाया जाएगा, जहां से ट्रेनें चारबाग रवाना होंगी।
दरअसल, लखनऊ जंक्शन से मानकनगर के बीच बारिश अधिक होने पर ट्रैक जलमग्न हो जाता है और ट्रेनों का संचालन ठप हो जाता है। इस कारण कानपुर से लखनऊ की ओर आने वाली ट्रेनों को अमौसी व पिपरसण्ड में ही रोकना पड़ जाता है। ऐसे में यात्रियों को इस परेशानी से बचाने के लिए उत्तर रेलवे मानकनगर में लूपलाइन बनाने जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने बताया, इसके बाद ट्रैफिक मैनेजमेंट बेहतर होगा। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
लाइन किनारे आबादी से परेशानी
अधिकारी बताते हैं कि मानकनगर-लखनऊ जंक्शन के बीच ट्रैक पर पानी भर जाता है, जिसकी वजह है रेल लाइन के दोनों ओर घनी आबादी। इस कारण दोहरीकरणनहीं हो पा रहा है। हालांकि, इसकी योजना थी, पर जगह न होने से डबलिंग नहीं हो सकती है और समस्याएं बनी हुई हैं।
डीआरएम के बीच मंथन
लखनऊ जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे का स्टेशन है तो मानकनगर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का। लिहाजा ट्रैक पर पानी भर जाने से दोनों मंडलों के यात्रियों को दिक्कतें होती हैं। ऐसे में उत्तर रेलवे के डीआरएम संजय त्रिपाठी व पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक के बीच इस समस्या से निपटने के लिए मंथन किया जा रहा है।
टेंडर की प्रक्रिया शुरू
मानकनगर व लखनऊ जंक्शन के बीच ट्रैक पर पानी भर जाता है। इससे ट्रेनों को अमौसी व पिपरसण्ड में खड़ा करना पड़ता है। इससे निजात दिलाने को मानकनगर में लूपलाइन बनाने की तैयार है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- संजय त्रिपाठी, डीआरएम, उत्तर रेलवे