कानपुर रोड स्थित लोकबंधु लेवल-2 के कोविड अस्पताल को अपग्रेड किया जाएगा। अस्पताल को अपग्रेड कर लेवल-3 का कोविड हॉस्पिटल बनाया जाएगा ताकि वहां आने वाले मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। अस्पताल में 40 बेड का आईसीयू बनाने की तैयारियां चल रही हैं और 20 डॉक्टर ट्रेनिंग के लिए केजीएमयू जाएंगे।
राजधानी में कोरोना मरीज बढ़ने के साथ केजीएमयू, लोहिया संस्थान व पीजीआई में मरीजों का लोड बढ़ने लगा है। ऐसे में प्रशासन ने तय किया कि लोकबंधु अस्पताल को लेवल-2 से अपग्रेड कर लेवल-3 का बनाया जाए। अस्पताल की सीएमएस डॉ. अमिता ने बताया कि अस्पताल के उच्चीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी अस्पताल में 100 बेड हैं और अपग्रेड होने के बाद 40 आईसीयू के बेड बढ़ेंगे।