शुक्रवार सुबह छह लोकसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार घोषित करने के बाद समाजवादी पार्टी ने शाम को तीन और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव कन्नौज से चुनावी मैदान में उतरेंगी। इसके अलावा, डॉ. पूर्वी वर्मा खीरी लोकसभा क्षेत्र से व उषा वर्मा हरदोई से चुनाव लड़ेंगी।
इसके पहले सुबह छह उम्मीदवारों की घोषणा की गई। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। जबकि बदायूं से धर्मेंद्र यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव चुनावी मैदान में होंगे।
इटावा से कमलेश कठेरिया, राबर्ट्सगंज से भाईलाल कोल व बहराइच से शब्बीर बाल्मीकि चुनावी मैदान में उतरेंगे।
आपको बता दें कि यूपी में सपा-बसपा और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। सपा 37 सीटों पर बसपा 38 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी तो रालोद को तीन सीटें दी गई हैं। वहीं, गठबंधन ने अपनी तरफ से कांग्रेस के लिए अमेठी व रायबरेली की सीटें छोड़ दी थीं।
हालांकि, कांग्रेस ने प्रदेश की रायबरेली व अमेठी समेत कुल 11 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें से आठ सीटें उसने वर्ष 2009 के चुनाव में जीती थीं।
अमेठी से राहुल गांधी तो रायबरेली से उनकी मां सोनिया गांधी चुनाव लड़ेंगी। धौरहरा से जितिन प्रसाद, उन्नाव से अन्नू टंडन, फर्रुखाबाद से सलमान खुर्शीद, अकबरपुर से राजाराम पाल, फैजाबाद से निर्मल खत्री, जालौन से बृजलाल खबरी, अकबरपुर से राजाराम पाल और कुशीनगर से आरपीएन सिंह चुनाव लड़ेंगे।