केंद्रीय मंत्री व अमेठी से भाजपा की उम्मीदवार स्मृति ईरानी
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। कहा कि 15 साल तक संसदीय क्षेत्र से लापता रहने वाले राहुल संसद में अमेठी की समस्याएं नहीं उठा पाते हैं और न ही कुछ बोल पाते हैं।
हतवा गांव में आयोजित सभा में कहा कि इस बार कमल का बटन दबाओ। भाजपा की सरकार बनने पर 40 के बजाय 13 रुपये में चीनी पाओगे। हर घर के नलों में शीतल जल पहुंचाया जाएगा।
जायस के मोहल्ला कंचाना स्थित विश्वविख्यात कवि मलिक मोहम्मद जायसी के स्मारक स्थल पर आयोजित सभा में स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास चाहती है। यही कारण है कि हमारी पार्टी ने जायस नगर पालिका में बिना किसी भेदभाव के 1140 प्रधानमंत्री आवास, 1500 इज्जत घर बनवाए।
1000 एलपीजी कनेक्शन लोगों को दिए गए जबकि कांग्रेस सरकार में यही गैस कनेक्शन दिए जाने में दलाली होती थी। हमने 2014 में हार के बावजूद जो कहा, वह करके दिखाया लेकिन अमेठी के 15 सालों से लापता सांसद राहुल ने न तो यहां कुछ किया और न ही संसद में अमेठी की समस्याओं पर कुछ बोले।
अब वह अमेठी में हार के डर से केरल के वायनाड भाग गये। ग्रामसभा मवई आलमपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए स्मृति ने कहा कि मोदी सरकार ने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान पर सर्जिकल एयर स्ट्राइक कर भारत को शक्तिशाली देश साबित किया।
तल्खी खत्म, स्मृति के मंच पर दिखे तिलोई विधायक
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और तिलोई विधायक मयंकेश्वरशरण के बीच की तल्खी कम हो गई है। यही वजह है कि सोमवार को आयोजित चुनावी सभाओं के मंच पर वह दिखे और स्मृति को चुनाव जिताने की अपील की। अपने अमेठी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर स्मृति विधायक के घर गई थीं लेकिन वह नहीं मिले थे।
इस पर स्मृति एक बार फिर विधायक के घर पहुंचीं और उनसे मुलाकात की। चाय की चुस्की के बीच स्मृति व विधायक के बीच बातचीत हुई। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मोती सिंह भी थे। माना जा रहा है कि इसी मुलाकात के बाद विधायक और स्मृति के बीच की तल्खी खत्म हो गई।