आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेता (प्रतीकात्मक)
- फोटो : अमर उजाला
तीसरे चरण के चुनाव में 120 में से 24 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें रामपुर से चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आजम खां के खिलाफ सबसे अधिक 10 मामले दर्ज हैं। इसमें 15 धाराएं संगीन अपराधों की हैं। वहीं तीसरे चरण में जिन दस लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है, वहां लगभग सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार करोड़पति हैं।
एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की रिपोर्ट के मुताबिक तीसरे चरण में इन दस सीटों के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति की कीमत 6.71 करोड़ रुपये है। वहीं टाॅप के तीन धनी उम्मीदवारों में एटा से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे देवेंद्र सिंह यादव के पास है। यादव की कुल संपत्ति 204 करोड़ रुपये है।
बरेली से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रवीण सिंह एरन की कुल संपत्ति 147 करोड़ है। वहीं कांग्रेस के ही बदायूं से प्रत्याशी सलीम इकबाल शेरवानी की संपत्ति 76 करोड़ रुपये है। इन तीनों ही उम्मीदवारों ने अपना पैन नंबर भी दिया है।