रायबरेली में चुनाव प्रचार करते अभिनेता सनी देओल
- फोटो : amar ujala
प्रचार के लिए निर्धारित समय सीमा समाप्त हो जाने के कारण शनिवार को फिल्म स्टार सनीदेओल का रोड शो पुलिस प्रशासन ने बीच में ही रुकवा दिया। रोड शो रोकने को लेकर पुलिस और भाजपाइयों के बीच न सिर्फ कहासुनी हुई, बल्कि धक्का-मुक्की भी हुई।
इसको लेकर कुछ देर अफरातफरी भी रही। हालांकि बाद में सनीदेओल को रोड शो खत्म करना पड़ा और वह दूसरी गाड़ी में बैठकर जीआईसी ग्राउंड चले गये जहां से वह हेलीकॉप्टर से रवाना हो गये।
शाम करीब 4.30 बजे भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के समर्थन में फिल्म स्टार सनीदेओल गांधी परिवार के गढ़ में रोड शो करने पहुंचे थे। जीआईसी ग्राउंड से बस स्टेशन होते हुए सनीदेओल का रोड शुरू हुआ। सुपर मार्केट के पहले ही रोड शो पहुंचा था कि घड़ी में 5.15 बजे गये।
चुनाव प्रचार की समयावधि समाप्त होने की बात कहते हुए पुलिस-प्रशासन ने रोड शो को रोकना चाहा। इस पर सीओ सदर गोपीनाथ सोनी, सदर कोतवाल अतुल सिंह और भाजपाइयों के बीच कहासुनी होने लगी नौबत धक्कामुक्की तक आ गई।
भाजपाई मोबाइल पर परमीशन होने की बात दिखाकर रोड शो करने की मांग कर रहे थे। कोतवाल का कहना था कि शाम पांच बजे तक ही रोड शो करने की अनुमति है। इसको लेकर काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही। पुलिस-प्रशासन के रोड शो रोकने के बाद सनी देओल दूसरी गाड़ी पर सवार होकर सुपर मार्केट, हाथी पार्क से होकर जीआईसी ग्राउंड पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर से रवाना हो गये।
कोतवाल ने बताया कि चुनाव प्रचार शाम पांच बजे समाप्त हो गया। इसके बाद भी रोड शो किया जा रहा था। इस पर रोड शो रोका गया।
कांग्रेस ने की है शिकायत, चुनाव आयोग से मांगे हैं निर्देश
मतदान खत्म होने के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थमने का आदेश है। इस बार मतदान छह मई शाम को छह बजे समाप्त होगा। ऐसी स्थिति में शनिवार को छह बजे प्रचार थमना चाहिए, लेकिन पूर्व में प्रचार पांच बजे थमता था।
इस संबंध में आयोग से चुनाव प्रचार थमने के संबंध में मार्गदर्शन मांगा गया है। रोड शो सवा 5.15 बजे तक चल रहा था। कांग्रेसियों की ओर से शिकायत मिली है। आयोग से मार्गदर्शन आने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
- नेहा शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी
आधा घंटे खड़ा रहा हेलीकॉप्टर
रोड शो करने के बाद सनी देओल जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। सनी देओल हेलीकॉप्टर पर सवार हो गये। बताते हैं कि सिग्नल नहीं मिल रहा था। इस वजह से हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पा रहा था। काफी देर बाद सिग्नल मिला तो हेलीकॉप्टर उड़ा। करीब आधा घंटे तक फिल्म स्टार को इंतजार करना पड़ा।