लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 13 सीटों पर चुनाव के लिए बुधवार को 6 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
सीइओ एल.वेंकटेश्वर लू ने बताया कि बुधवार को खीरी से निर्दलीय उम्मीदवार पारो किन्नर और राष्ट्रीय बन्धुत्व पार्टी के श्रीकृष्ण कुमार ने नामांकन दाखिल किया। कानपुर नगर से कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल, अकबरपुर से जस्टिस पार्टी के नीरज कुमार पासी और सभी जन पार्टी के अशोक पासवान ने नामांकन दाखिल किया।
10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 12 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चौथे चरण के लिए 29 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
तीसरा चरण : नामांकन का आज अंतिम दिन
तीसरे चरण में प्रदेश की 10 सीटों पर होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार तक ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 5 अप्रैल को होगी और 8 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि बुधवार को रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा, बदायूं से सपा के धर्मेंद्र यादव समेत 44 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इन सीटों पर अब तक 102 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को मुरादाबाद में 5, रामपुर में 2, संभल में 2, फिरोजाबाद में 5, एटा में 4, मैनपुरी में 5, बदायूं 4, आंवला में 5, पीलीभीत में 4 और बरेली में 8 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।