मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर लू
- फोटो : amar ujala
लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2019 के प्रथम चरण में निर्वाचन के लिए अब तक कुल 146 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें 123 नामांकन आज दाखिल किए गए। इनमें सहारनपुर में 16, कैराना में 10, मुजफ्फरनगर में 20, बिजनौर में 15, मेरठ में 13, बागपत में 12, गाजियाबाद में 20 व गौतमबुद्धनगर में 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण में कुल 43 नामांकन दाखिल हुए। इसमें आज कुल 40 नामांकन दाखिल किए गए। आज हुए नामांकन में नगीना (बिजनौर) से 4, अमरोहा (अमरोहा) से 3, बुलन्दशहर (बुलन्दशहर) से 5, अलीगढ़ (अलीगढ़) से 6, हाथरस (हाथरस) से 5, मथुरा (मथुरा) से 6, आगरा सुरक्षित (आगरा) से 4 तथा फतेहपुर सीकरी (आगरा) से 7 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
लू ने बताया कि दूसरे चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों में मथुरा से बीजेपी की हेमा मालिनी, अमरोहा से बीजेपी के कुंवर सिंह तंवर, बुलन्दशहर से बीएसपी के योगेश वर्मा व कांग्रेस के बंशी सिंह, हाथरस से सपा के रामजी लाल सुमन तथा कांग्रेस के त्रिलोकी राम, आगरा से बीजेपी के सत्यपाल सिंह और कांग्रेस की प्रीता हरित एवं फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस के राज बब्बर तथा बीएसपी के राजवीर सिंह शामिल हैं