राम मंदिर मुद्दा पीछे चले जाने का दर्द: इस चुनाव में राम मंदिर का जिक्र नहीं है। पीएम की रैली से लौटे दरियाबाद के विश्वनाथ तिवारी कहते हैं कि राम मंदिर को लेकर ठोस बातों की उम्मीद थी लेकिन पीएम कुछ नहीं बोले। स्वामी निखिलानन्द कहते हैं कि पीएम ने राम का नाम लिया लेकिन मंदिर का जिक्र नहीं किया। हो सकता है, मजबूरिया हों, लेकिन हिंदू समाज का उन पर भरोसा कायम है।
फैजाबाद चौक पर प्रॉविजन स्टोर चलाने वाले जफर उस्मान अंसारी कहते हैं कि फिलहाल त्रिकोणात्मक मुकाबले के आसार हैं लेकिन जंग आमने-सामने की हो सकती है। उन्हें लगता है कि मोदी समर्थक और विरोधी, दोनों वोटों का बंटवारा नहीं चाहते। चुनाव भाजपा-सपा के बीच होगा। चौक पर ही एक रेडीमेड स्टोर के मालिक नंदलाल मखीजा भी इससे इत्तेफाक रखते हैं। जबकि मकबरा निवासी डॉ. विजय कुमार ओझा को कांग्रेस आगे दिखती है। सिविल लाइन्स निवासी शिक्षक आनंद प्रताप सिंह को लगता है कि छवि के मामले में लल्लू सिंह प्रतिद्वंदियों पर भारी हैं। बीकापुर वके मुकेश सिंह, जिला जीत सिंह व अयोध्या के अतुल सिंह भाजपा का पलड़ा भारी मानते हैं।
हर जगह हार-जीत के दावे
नंदीग्राम में 40 साल प्रधान रहे रामकुमार पांडेय कहते हैं कि भाजपा का मुकाबला सपा से है। भदरसा में मो. शफीक, तौफीक अहमद को लगता है कि गठबंधन और भाजपा के बीच टक्कर है। मुख्य बाजार में कपड़ा व्यापारी विजय कुमार गुप्ता व इलेक्ट्राॅनिक्स शॉप चलाने वाले सरदार जसवीर सिंह कहते हैं कि मुसलमानों का रुझान सपा की तरफ ज्यादा है। निषाद, बनिया, हलवाई व सुनारों का रुख भाजपा के पक्ष में है।
काम हुए लेकिन लावारिस पशुओं से दिक्कत
हनुमान गढ़ी पर मिष्ठान भंडार चलाने वाले वैभव गुप्ता कहते हैं कि अयोध्या के लोग मोदी-योगी से संतुष्ट हैं। सुमंत वर्मा कहते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में लावारिस पशुओं की समस्या का हल जरूरी है। गन्ना समिति संघ लखनऊ की डायरेक्टर मंजू सिंह को लगता है कि किसान सम्मान योजना के तहत पहली किश्त के रूप में किसानों को दो-दो हजार रुपये मिलने का लाभ भाजपा को मिलेगा। हालांकि, सराय अब्बू निवासी रामनाथ यादव कहते हैं कि गन्ना मूल्य वृद्धि न होने तथा भुगतान में देरी से नाराजगी है। रीडगंज निवासी 84 वर्षीय मुन्ना सिंह कहते हैं, पहले सर्जिकल स्ट्राइक और फिर एयर स्ट्राइक से माहौल बदला है। लोगों में राष्ट्रवाद की भावना जगी है। सेवानिवृत्त प्रोफेसर कृष्णमुरारी सिंह भाजपा और गठबंधन में मुकाबला है।