लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (आरएमएलएनएलयू) का पांचवां दीक्षांत समारोह 17 अक्तूबर को सुबह 10 बजे विवि के आंबेडकर ऑडिटोरियम में होगा। समारोह में 260 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 11 स्वर्ण, पांच रजत और पांच कांस्य समेत कुल 21 पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
विवि के प्रवक्ता डॉ. शशांक शेखर ने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय की जनरल काउंसिल के चेयरपर्सन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति और विश्वविद्यालय के विजिटर न्यायमूर्ति विक्रम नाथ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली गेस्ट ऑफ ऑनर और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय विशिष्ट अतिथि होंगे। डिग्री पाने वालों में बीए एलएलबी (ऑनर्स) बैच 2021-26 के 173, एलएलएम बैच 2025-26 के 47, साइबर लॉ के पीजी डिप्लोमा के 16, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स के आठ और मीडिया लॉ, एंटरटेनमेंट एंड एथिक्स के दो विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 14 पीएचडी शोधार्थियों को भी उपाधि दी जाएगी। बीए एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थियों के लिए छह प्रायोजित स्वर्ण पदक भी दिए जाएंगे। इनमें लॉ ऑफ टैक्सेशन, क्रिमिनल लॉ, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, मूट और कॉन्स्टीट्यूशनल लॉ जैसी श्रेणियां शामिल हैं।