यूपी के कई जिलों में तांडव मचाने के बाद टिड्डियों का दल लखनऊ पहुंच गया है। रविवार दोपहर को सबसे पहले शहर के घंटाघर के पास हवा में एक बड़े दल को देखा गया। इसके बाद शहर के डालीगंज, निशातगंज, मड़ियांव व विकास नगर में टिड्डी दल देखा गया। शहर के कई इलाकों में दहशत रही।
इसके पहले शनिवार को हरदोई के रास्ते सीतापुर, बहराइच और श्रावस्ती में टिड्डियों के दल ने तांडव मचाया। सीतापुर के पिसावां से मछरेहटा, फिर सिधौली, बिसवां, रामपुर मथुरा व रेउसा होते हुए बहराइच जिले में दाखिल हो गया। जिन इलाकों में यह दल पहुंचा वहां के किसान पहले से ही अलर्ट थे।
उन्होंने खेत में पहुंचकर तेज ध्वनि से थाली बजाकर इन्हें भगाने का प्रयास किया। बहराइच के महसी तहसील के तेजवापुर होते हुए टिड्डी दल जिला मुख्यालय पहुंचा। टिड्डियों का दल काफी नजदीक होने से किसान दहशत में रहे। एक साथ पहुंचे टिड्डी दल ने फसलों व पेड़ों पर बैठकर नुकसान पहुंचाया।
वहीं, बलरामपुर में भी टिड्डी दल ऊपर ही ऊपर से गुजर गया। किसानों ने मामले की जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों को दी। कृषि अधिकारियों ने किसानों को सतर्क रहने के आदेश दिए।