छुट्टी की अर्जी लेकर पहुंचा लोको पायलट।
लखनऊ। बवासीर से पीड़ित लोको पायलट को अफसर ने चिकित्सकीय अवकाश नहीं दिया, तो नाराज लोको पायलट ने दफ्तर में ही पैंट उतारकर अफसर को अपने घाव दिखा दिए। मामले का वीडियो रेलवे व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये वायरल हो गया, जिसके बाद ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। एसोसिएशन की नाराजगी पर लोको पायलट को सात दिन की छुट्टी दी गई। साथ ही डीआरएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का है। लोको पायलट राजेश मीणा लंबे समय से बवासीर से पीड़ित हैं। 22 फरवरी को उन्होंने सर्जरी भी कराई थी। उन्हें 28 फरवरी तक छुट्टी दी गई थी। इसके बाद भी जब घाव पूरी तरह ठीक नहीं हुआ तो उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर सिक मेमो के जरिये छुट्टी के लिए आवेदन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चीफ क्रू कंट्रोलर ने मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद भी छुट्टी देने से मना कर दिया। मेडिकल दस्तावेज व ड्रेसिंग दिखाने के बावजूद सिक मेमो जारी नहीं किया गया। राजेश मीणा का कहना है कि घाव भरे नहीं हैं, ऐसे में ड्यूटी से उनके लिए जोखिम बढ़ सकता है। कई बार अनुरोध के बाद भी जब छुट्टी नहीं मिली तो उन्होंने अफसर के सामने पैंट उतारकर ऑपरेशन का घाव दिखाया।
छुट्टी की अर्जी लेकर पहुंचा लोको पायलट।