नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने कहा है कि प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र में सबसे मुख्य कार्य शहर की सफाई और सैनिटाइजेशन का किया जा रहा है। 260 लोगों को दरवाजे पर आवश्यक वस्तुओं की डिलीवरी की अनुमति दी गई। 85 दवा की दुकानों और ग्रोसरी दुकानों की सूची बनाई है जो घर पर ही डिलीवरी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र, उत्तराखंड और हरियाणा के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे अपने राज्यों में रहने वाले यूपी के नागरिकों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था करें। योगी ने कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं का खर्च वहन हम करेगें।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के खिलाफ अलीगढ़ नगर निगम ने युद्ध स्तर पर जंग छेड़ दी है। नगर आयुक्त अपनी अध्यक्षता में 2000 कर्मचारियों के साथ दिन रात कोरोना वायरस को भगाने के लिए शहर के कोने-कोने को सैनिटाइज करने में जुटे हुए हैं।
जुमे की नमाज के लिए अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र की मस्जिद के सामने इकट्ठा हुए आठ लोगों को पुलिस ने लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। थाना पटरंगा के मकदूमपुर गांव की मस्जिद में ये लोग जुमे की नमाज के लिए एकत्र हुए थे। बता दें कि कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया गया है। प्रदेश में किसी भी स्थान पर पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी है। उलेमाओं व धर्मगुरुओं ने भी मुस्लिम समाज के लोगों से घर में ही जुमे की नमाज अदा करने की अपील की है लेकिन कई जगह ऐसा देखने में आया कि लोग नमाज के लिए घरों से निकले जिस पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
संभल के थाना बनियाठेर गेट पर तीन युवक जो मथुरा से पैदल चलकर जनपद रामपुर के कस्बा सैफनी जा रहे थे, पुलिस द्वारा खाने के लिए बिस्कुट उपलब्ध कराने पर उनमें से एक युवक फफक फफक कर रो पड़ा।
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव स्थित एक मस्जिद में सामूहिक नमाज पढ़ने के कारण मौलाना समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके साथ ही नमाज पढ़ रहे अन्य साथी फरार हो गए। मामले में मौलवी शहजाद और नमाज पढ़ने वालों में शौकीन और लाइक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बदायूं में लॉकडाउन के तीसरे दिन शुक्रवार को पुलिस की सख्ती बरकरार है। अनावश्यक रूप से घर से निकलने वालों पर सख्ती दिखाई गई, साथ ही जरूरतों के लिए घर से निकलने वालों को पूछताछ के बाद ही जाने दिया गया। जुमे की नमाज भी लोगों ने घर से अदा करने की अपील की। जिला प्रशासन पहले ही बड़े और छोटे सरकार की ज्यारत को बंद करा चुका है, साथ ही जिला काजी सालिम मियां ने भी लोगों से अपने घरों से ही नमाज अदा करने का एलान मस्जिदों से करा दिया है। आवश्यक सेवाओं जैसे दूध सब्जी आदि के ठेले गलियों में दिखाई दे रहे हैं, जिन पर लोगों ने खरीदारी की।
रामपुर में शुक्रवार की सुबह लॉकडाउन के तीसरे दिन बाजार में निकले लोगों को डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने समझाया और घर जाने के लिए कहा।
लॉकडाउन में जा रहे स्कूटी सवार मनबढ़ युवक ने होम गार्ड की पिटाई कर वर्दी फाड़ दी। शोर मचाने पर जब तक पुलिसकर्मी पहुंचते होमगार्ड जवान को धक्का देकर युवक फरार हो गया। घटना बुधवार की दोपहर मोहद्दीपुर चौराहे की है। कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।होमगार्ड जवान लल्लन यादव बुधवार की दोपहर मोहद्दीपुर चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात थे। इस बीच पैडलेगंज की तरफ से एक स्कूटी सवार युवक आता दिखाई पड़ा। होमगार्ड के जवान ने उसे रोक कर लॉक डाउन की जानकारी देते हुए घर जाने की सलाह दी। आरोप है कि इस युवक भड़क उठा।
उसने होमगार्ड पर हमला कर दिया। पिटाई करने के साथ वर्दी भी फाड़ दी। शोर मचाने पर आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जब तक पहुंचते युवक स्कूटी लेकर कूड़ाघाट की तरफ फरार हो गया। होमगार्ड की तहरीर पर कैंट पुलिस ने धारा 188, 427, 352, 504, 353, 332 के तहत मुकदमा दर्ज कर स्कूटी नम्बर के आधार पर आरोपित युवक की तलाश शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी में लॉकडाउन के चौथे दिन शुक्रवार सुबह 8:15 बजे शहर के चौराहे पर दूध विक्रेता और एक फल की ठेली ही नजर आई। बाइक सवार एक और दो लोग जा रहे थे। यहां से मेन रोड चौराहे पर सन्नाटा था। संकटा देवी मंदिर का गेट बंद था लेकिन यहां कुछ फूल विक्रेता और दो तीन भक्त जरूर दिखे। गोला रोड से धर्मशाला रोड तक सन्नाटे के बीच कुछ फल विक्रेता खड़े थे। पूछने पर सलीम, रमेश आदि ने बताया की कोरोना के चलते फलों को खरीदने लोग घरों से नहीं आ रहे हैं। सुबह से बोहनी तक नहीं हुई। इधर सब्जी मंडी में कुछ लोग जमीन पर बैठ कर सब्जी बेचते दिखाई दिए। मंडी में डीएम द्वारा निर्धारित दर पर लोग सब्जी लेते दिखाई दिए।
लखीमपुर खीरी में कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन में गैर जनपदों में आए दिहाड़ी मजदूरों का बुरा हाल है। जिले में काम करने वाले कई लोग अपने घरों को नहीं जा पा रहे हैं वहीं बाहरी जनपदों के लोग भी भूख से परेशान हैं। शुक्रवार को लखनऊ दिल्ली रोड पर दिल्ली से पैदल ही आ रहे लोगों के पास खाने-पीने का राशन नहीं होने पर
उन्होंने खेत से गन्ना तोड़कर खाना शुरू कर दिया। मैगलगंज हाईवे पर पैदल जा रहे इन लोगों का कहना था कि कोई वाहन ना मिलने के कारण वह दिल्ली से पैदल बिहार के लिए चल दिए हैं। भूखे लगने के कारण गन्ना चूस कर काम चला रहे हैं।
आगरा में कोरोना वायरस से बचाव के दृष्टिगत जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से अपने घरों में नमाज अदा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करें। उलमा-ए-अहले सुन्नत, आगरा के सदर मौलाना अरशदुर्रहमान कादरी, मौलाना मुफ्ती मुदस्सिर खान कादरी, शाही जामा मस्जिद के इमाम इरफान उल्ला खां निजामी ने कहा है कि हुकूमत ने 21 दिन तक घरों में ही रहने का हुक्म दिया है। ऐसे में मुसलमान अपने घरों में रहकर खुदा की इबादत करें।
जुमे की नमाज भी घर में ही अदा करें, मजबूरी में शरीअत इस बात की इजाजत देती है। मस्जिदों के इमाम व मोअज्जिन भी दो तीन लोग मिलकर मस्जिदों में जमात कायम करें। अपील करने वालों में मौलाना अब्दुर्रहमान, मौलाना हाफिज आलम, मैलाना मुकीम भी हैं।
अयोध्या जिले में कोरोना प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले लोगों के घरों पर पोस्टर लगाए जा रहे हैं। यह पोस्टर जिले में बनाए गए कंट्रोल रूम के जरिए लगाए जा रहे हैं। इन्हें ट्रैक किया जाता है। इसके बाद जांच और चिकित्सीय सुविधा प्रदान करने के बाद यह पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं। जिले मे कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन एक के बाद दूसरा कदम उठा रहा है।
विदेश या कोरोना प्रभावित क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को ट्रैक कर उनकी जांच तो पिछले कई दिनों से की जा रही है लेकिन ऐसे लोगों की यात्रा हिस्ट्री को तलाश कर अब प्रशासन इसके आगे की कार्रवाई भी करने लगा है। यह कार्रवाई होम क्वारंटीन की जानकारी और लोगों की जागरूकता के मद्देनजरकी जा रही है। गुरुवार ऐसी कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अपने टिवटर पर एक बजकर 38 मिनट पर इसे साझा किया है। हालांकि लगाए गए पोस्टर पर संबंधित व्यक्ति की पहचान को छिपा दिया गया है।
मथुरा में छूट के दौरान बाजारों में लोग उमड़ गए। लाक डाउन में 7 से 11:00 तक बाजार खुलने की छूट है। सुबह चार से सात बजे तक मंडी और थोक की दुकानें खोली गई और सात बजे से 11 बजे तक आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी।
सहरानपुर में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। अब स्वास्थ्य विभाग की कोरोना सर्विलांस टीम ने अब ऐसे ही पांच संदिग्ध पुलिस कमर्चारियों को आईआईटी के सहरानपुर कैंपस में कवारंटीन कराया गया है। बताया जा रहा है कि ये पुलिस कर्मचारी बाहरी जिले से आये हैं।
इनके अलावा फतेहपुर में बनाए गए स्पेशल कोरोना वार्ड में एक और मरीज को भर्ती कराया गया है। इस वार्ड में एक मरीज पहले से ही भर्ती है। इस बीच कुछ सूचनाएं मिलने पर तीन और संदिग्ध मरीजों को लेने के लिए कोरोना सर्विलांस टीमों की एम्बुलेंस निकली हैं।
एक दिन पहले ही जिले में कोरोना के चार संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया था। इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इनमे देवबंद में मरीजों के मिलने के बाद वहां मस्जिद को सैनेटाइज़ कराया गया था। सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी का कहना है कि हर तरह के मरीजों की पूरी निगरानी की जा रही है। शहर या देहात जहां से भी सूचनाएं आ रहीं हैं, उनकी फॉलोइंग कर मरीज़ों को भर्ती कराई जा रही है। इसके साथ ही उनकी कॉउंसलिंग कराई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव के छह नए मरीज मिले हैं। इससे प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 51 हो गई है। चार मरीज नोएडा में जबकि बुलंदशहर व आगरा में एक-एक मरीज पॉजिटिव मिला है। नोएडा में अब तक 18 पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं।आगरा में 10, लखनऊ में 8, गाजियाबाद में 5, पीलीभीत में दो, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, बनारस, कानपुर, जौनपुर, शामली, बागपत व बुलंदशहर में एक-एक मरीज संक्रमित हैं।