नगराम। रबी की फसल की बोआई के ऐन मौके पर सहकारी समितियों की हड़ताल ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। क्षेत्र की सात सहकारी समितियों के गोदामों पर 22 अक्तूबर से तालाबंदी हैं। इससे किसान डीएपी समेत अन्य उर्वरकों और बीज के लिए भटक रहे हैं।
विज्ञापन
नगराम दक्षिण, समेसी, गढ़ा असलमनगर, इस्माइलनगर, बहरौली, देवती और कांटा सलेमपुर स्थित सहकारी समितियों से क्षेत्र के किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराया जाता है। धान की कटाई के बाद रबी की फसलों में गेहूं, धनिया, मटर, मसूर व तिलहनी फसलों की बोआई के लिए किसानों को उर्वरक की जरूरत है, मगर समितियों के गोदाम बंद होने से खाद-बीज नहीं मिल रहे।
किसानों का आरोप है कि निजी दुकानों पर खाद-बीज महंगे दामों पर मिल रहे हैं। किसान बचनखेड़ा निवासी रमेश वर्मा, अमेठियन पुरवा के मुन्नू सिंह, जौखंडी के तेजबहादुर सिंह, मुकुंद खेड़ा के मलखान सिंह, बजगहिया के केशव गिरि सहित अन्य किसानों ने बताया कि निजी केंद्रों पर मनमाने दामों पर खाद बेची जा रही है।