लखनऊ। शहर में रविवार को लगे जन आरोग्य मेले में डॉक्टर व स्टाफ तय समय से पहले केंद्र पर ताला लटकाकर निकल गए। बालू अड्डा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ढाई बजे ही ताला लटक गया। इससे बाद में आने वाले मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा।
रविवार को जन आरोग्य मेला सुबह 10 से शाम चार बजे तक लगता है। केंद्र में इलाज के लिए आई नाजिया बेगम ने बताया कि उनके बेटे को सर्दी और बुखार है। चिकित्सक समय से पहले ही गायब हो गए हैं। ऐसे में अब उन्हें किसी निजी अस्पताल में जाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर दिन का यही हाल है। डॉक्टर दो से ढाई बजे के बीच सेंटर में ताला लगाकर चले जाते हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा।