केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना के लिए तीसरे चरण की प्रतिस्पर्धा में यूपी के तीन और शहरों ने बाजी मारी है। शुक्रवार को दिल्ली में घोषित हुए परिणाम के मुताबिक झांसी, इलाहाबाद और अलीगढ़ का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया गया है। इस तरह प्रदेश के सात शहर स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हो चुके हैं।
प्रदेश सरकार ने स्मार्ट सिटी योजना के लिए कुल 14 शहरों को चुना था और इनके लिए प्रस्ताव तैयार कराए थे। पहले चरण की प्रतिस्पर्धा में सिर्फ लखनऊ और दूसरे चरण में वाराणसी, कानपुर और आगरा का चयन किया गया था। प्रदेश सरकार ने बचे 10 शहरों केप्रस्ताव प्रस्ताव मार्च में केंद्र को भेज दिए थे, लेकिन इनमें से तीन शहरों का ही चयन हुआ।
स्मार्ट सिटी योजना में शहरों का चयन सख्त प्रतिस्पर्धा के जरिए होता है। इसमें संबंधित शहर के क्षेत्र आधारित विकास, यातायात, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, लाइटिंग, सोलर पावर प्रोजेक्ट, बस शेल्टर, बस अड्डा, स्मार्ट एजूकेशन समेत तमाम आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए प्रस्ताव के आधार पर मार्किंग होती है। इसी के आधार पर शहरों का चयन किया जाता है। माना जा रहा है प्रस्ताव तैयार करने के लिए नामित कंसल्टेंटों की लचर तैयारी की वजह से सात शहर फिर दौड़ से बाहर हो गए।
इन शहरों को नहीं मिला मौका
तीसरे चरण में देश भर से 60 शहरों का चयन होना था, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते सिर्फ 30 शहरों का ही चयन हो पाया। स्मार्ट सिटी की रेस में यूपी के 10 शहर शामिल थे, लेकिन सात शहर दौड़ से बाहर हो गए। इनमें नगर निगम वाले बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ व गाजियाबाद और नगर पालिका परिषद वाले रायबरेली और रामपुर शामिल हैं। देखें शहरों के नाम...