बाबा बाजार। क्षेत्र के शांति स्मारक महाविद्यालय में एलएलबी की परीक्षा देने आए दर्जनों परीक्षार्थियों के मोबाइल चोरी हो गए। इस मामले में ग्राम पूरे जीत तिवारी, थाना शुकुल बाजार, जिला अमेठी निवासी परीक्षार्थी अरविंद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पहली पाली की परीक्षा से पहले उन्होंने अपने दो एंड्रॉइड मोबाइल बाइक की डिग्गी में रखे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह लौटे, तो डिग्गी का ताला टूटा हुआ था। उनके मोबाइल गायब मिले। उनके साथ दिव्यांशु, अनुभव यादव, अभिषेक तिवारी, अंजनी कुमार और अरुण कुमार सहित 12 अन्य परीक्षार्थियों के भी मोबाइल चोरी हुए हैं। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है।
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। साथ ही, परीक्षार्थियों के मोबाइल जमा कराने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई थी। महत्वपूर्ण परीक्षा होने के बावजूद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।